मुंबई, 03 अगस्त (वार्ता) अभिनेत्री शालिनी पांडे ने मुंबई के रेलवे स्टेशनों से आवारा कुत्तों को कथित तौर पर हटाए जाने के मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे पशु कल्याण से जुड़ा गंभीर विषय बताया है। शालिनी पांडे ने लोगों से संबंधित याचिका का समर्थन करने और इस पहल में अपनी आवाज जोड़ने की अपील की है।
शालिनी पांडे ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में कहा कि वर्षों से सैकड़ों आवारा कुत्ते रेलवे स्टेशनों के आसपास इंसानों के साथ शांतिपूर्वक रह रहे हैं, लेकिन अब उनके आश्रय पर संकट मंडरा रहा है। उन्होंने इसे जानवरों के प्रति क्रूरता करार देते हुए लोगों से उनके संरक्षण के लिए आगे आने का आग्रह किया।
शालिनी पांडे ने अपनी पोस्ट में एक पशु कल्याण पहल से जुड़े संगठन को टैग करते हुए लोगों को संबंधित याचिका तक पहुंचने का तरीका भी बताया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग ऐसे महत्वपूर्ण सामाजिक और पशु कल्याण से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता फैलाने के लिए किया जाना चाहिए। nशालिनी ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में इंसानों और जानवरों के बीच सह-अस्तित्व और संवेदनशीलता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बेघर होने के खतरे का सामना कर रहे इन आवारा कुत्तों के संरक्षण के लिए आगे आएं और इस मुहिम का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि उनकी इस अपील का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इस मुद्दे से अवगत कराना और पशु कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

