
जबलपुर। जबलपुर- मंडला हाईवे पर स्थित बरेला के प्रसिद्ध शारदा मंदिर के पास दिल दहला देने वाला भीषण सड़क हादसा हुआ है। रेत से लदे एक तेज रफ्तार हाइवा, एक फोरव्हीलर और एक अन्य अज्ञात वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दुर्घटना के चंद सेकेंडों के भीतर ही फोरव्हीलर में भीषण आग लग गई। इस आगजनी में फोरव्हीलर सवार व्यक्ति को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वह गाड़ी के भीतर ही जिंदा जल गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
कुछ अन्य लोगों के भी दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही बरेला पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम दमकल गाड़ियों के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद फोरव्हीलर में भड़की आग पर काबू पाया। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
