यूएई के विदेश मंत्री ने स्थिरता और विकास को बढ़ावा देने के लिए गहरी वैश्विक साझेदारी का भरोसा दिलाया

अबू धाबी, 12 जून (वार्ता) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्लाह बिन जायद अल नाहयान ने शनिवार को कहा कि अमीरात वैश्विक स्थिरता, विकास और समृद्धि का समर्थन करने के लिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को गहरा करना और राजनयिक जुड़ाव को मजबूत करना जारी रखेगा।
यूएई के विदेशी राजदूतों और मिशन प्रतिनिधियों के 20वें फोरम के समापन सत्र में अब्दुल्लाह बिन जायद ने वरिष्ठ अधिकारियों व राजनयिकों के काम की सराहना करते हुए कहा कि उनके योगदान से मंच की चर्चा और निष्कर्षों को आगे बढ़ाने में मदद मिली है।उन्होंने कहा कि इस मंच ने तेजी से होते ‘वैश्विक घटनाक्रमों’ के जवाब में प्राथमिकताओं को तय करने और विदेश नीति के दृष्टिकोणों में समन्वय स्थापित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में काम किया और साथ ही यूएई के राजनय के प्रभाव को मजबूत किया।

मंत्री ने यूएई के नेतृत्व के दृष्टिकोण के अनुरूप लोगों, ज्ञान और प्रौद्योगिकी में निरंतर निवेश के महत्व पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने संस्थागत तैयारियों को बढ़ाने तथा नवाचार और निरंतर सुधार को बढ़ावा देने का आह्वान किया। श्री जायद ने कहा कि यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की तय की गई विदेश नीति की दिशा देश के राजनयिक दृष्टिकोण का आधार बनी हुई है, जो अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के विस्तार और वैश्विक स्तर पर यूएई की स्थिति को मजबूत करने पर केंद्रित है।
उन्होंने आगे कहा कि यूएई का राजनय सहयोग, खुलेपन और संवाद के सिद्धांतों से प्रेरित होकर ‘व्यावसायिकता और विशिष्टता’ के साथ काम करना जारी रखेगा, जो शांति और सतत विकास में योगदान देगा। मंत्रालय के बयान के अनुसार, उन्होंने सरकारी सेवाओं में सुधार करने, नागरिकों के साथ जुड़ाव को मजबूत करने और उनकी जरूरतों पर कुशलतापूर्वक प्रतिक्रिया देने के लिए निरंतर टीमवर्क का भी आह्वान किया। इससे क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्थिरता को बढ़ावा देने में यूएई की भूमिका और बढ़े।

.....

Next Post

अवैध बस स्टॉप से बिगड़ रही बैतूल की यातायात व्यवस्था, जगह-जगह बसें रुकने से लग रहा जाम

Sat Jun 13 , 2026
बैतूल। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए समय-समय पर बैठकें आयोजित की जाती हैं। योजनाएं भी बनाई जाती हैं और कुछ समय तक उनका पालन भी होता है, लेकिन बाद में स्थिति फिर पुराने ढर्रे पर लौट आती है। वर्तमान में शहर में जगह-जगह बसों के रुकने से यातायात […]

You May Like