
सैलाना। नगर के प्रमुख आस्था केंद्र कालिका माता मंदिर में रविवार देर रात चोरी के प्रयास की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने मंदिर के मुख्य ताले तोडक़र अंदर प्रवेश करने की कोशिश की और रेलिंग का दरवाजा भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार बदमाश मंदिर का दानपात्र उठाकर अलग स्थान तक ले गए थे, लेकिन आशंका है कि पुलिस गश्ती वाहन को आता देख वे घबराकर दानपात्र वहीं छोडक़र फरार हो गए। घटना के बाद पूरे नगर में हडक़ंप की स्थिति बन गई और लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
रविवार सुबह मंदिर के पुजारी नवनीत शर्मा जब मंदिर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो रेलिंग टूटी हुई थी और दानपात्र अपनी जगह से हटा हुआ था। इसके बाद तत्काल सैलाना पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी मंदिर क्षेत्र से पानी की मोटर चोरी होने की सूचना सामने आई थी। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि देर रात पुलिस की गश्ती गाड़ी मंदिर क्षेत्र से गुजरी थी। माना जा रहा है कि पुलिस वाहन को देखकर बदमाश जल्दबाजी में दानपात्र छोडक़र भाग निकले। घटनास्थल पर खून के धब्बे भी मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि ताला या रेलिंग तोड़ते समय कोई आरोपी घायल हो गया होगा। सूचना मिलते ही हीतेंद्र सिंह परिहार, फकीरचंद सोलंकी एवं मुरली कटारिया मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति अध्यक्ष राकेश चंदेल, ओंकारलाल पांचाल, घनश्याम कसेरा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए। समिति सदस्यों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घायल संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। धार्मिक स्थल पर चोरी के प्रयास की इस घटना से नगरवासियों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
