बांग्लादेश से हाल ही में सामने आई दर्दनाक घटनाएं केवल किसी एक समुदाय के खिलाफ हिंसा भर नहीं हैं, बल्कि यह उस मानवीय विवेक पर हमला है, जो किसी भी लोकतांत्रिक समाज की बुनियाद होता है. एक हिंदू व्यापारी पर पेट्रोल छिडक़कर उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश ने न केवल एक परिवार को बर्बाद किया, बल्कि पूरे अल्पसंख्यक समाज में भय, असुरक्षा और अविश्वास का माहौल पैदा कर दिया है. यह घटना कोई अपवाद नहीं, बल्कि पिछले कुछ महीनों से जारी हिंसा की उसी श्रृंखला का हिस्सा है, जो चुनावी मौसम के साथ और अधिक खतरनाक रूप लेती दिख रही है. रिपोर्टों के अनुसार, पिछले वर्ष नवंबर-दिसंबर के बीच अल्पसंख्यकों के खिलाफ कम से कम 76 हिंसक घटनाएं दर्ज की गईं. इसी अवधि में चार बड़ी वारदातों ने सुरक्षा तंत्र पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं. यह तथ्य किसी आकस्मिक उन्माद की ओर नहीं, बल्कि एक सुनियोजित पैटर्न की ओर इशारा करता है, जिसमें राजनीतिक अस्थिरता के दौर में अल्पसंख्यकों को ‘सॉफ्ट टारगेट’ बनाना एक आसान रणनीति बन चुका है. इतिहास गवाह है कि बांग्लादेश में हर बार चुनावी सरगर्मी बढ़ते ही सांप्रदायिक तनाव की आंच तेज होती है. उपद्रवी तत्व भीड़ मानसिकता भडक़ाकर न केवल सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुँचाते हैं, बल्कि लोकतांत्रिक ढांचे को भीतर से खोखला कर देते हैं. यह स्थिति इसलिए और अधिक चिंताजनक हो जाती है, क्योंकि बांग्लादेश ने अपनी स्वतंत्रता मानवाधिकार और सामाजिक न्याय की लड़ाई के आधार पर हासिल की थी. आज वही देश यदि अपने ही नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा नहीं दे पाता, तो यह उसके लोकतांत्रिक चरित्र के लिए गंभीर चुनौती है.अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा किसी राष्ट्र के भीतर बढ़ती असहिष्णुता का संकेत होती है. जब किसी समुदाय को यह महसूस होने लगे कि वह कानून और शासन की संरक्षा से बाहर है, तब उसका विश्वास न केवल प्रशासन से, बल्कि पूरे लोकतांत्रिक तंत्र से डगमगाने लगता है. यह परिस्थिति न केवल सामाजिक विघटन को जन्म देती है, बल्कि राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय विश्वसनीयता को भी नुकसान पहुंचाती है. ऐसे में प्रश्न यह है कि क्या फरवरी में होने वाले चुनाव हिंसा के एक और दौर का संकेत बनेंगे, या फिर बांग्लादेश की सत्ता और संस्थाएं इस चुनौती को गंभीरता से लेकर कड़ा संदेश देंगी. ज़रूरत केवल बयानबाजी की नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की है. दोषियों को त्वरित और कड़ी सजा मिले, ताकि कानून का भय कायम रहे. संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा तंत्र मजबूत हो तथा चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की जाए. नागरिक समाज और मानवाधिकार संगठनों को भी इस पूरी प्रक्रिया पर सतर्क निगरानी रखनी चाहिए, क्योंकि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा केवल किसी एक समुदाय का मुद्दा नहीं, यह पूरे समाज के नैतिक चरित्र से जुड़ा प्रश्न है.बांग्लादेश अपने इतिहास, संस्कृति और संघर्ष की स्मृति के साथ हमेशा एक आशावान राष्ट्र के रूप में देखा गया है. परंतु आज वहां अल्पसंख्यक बस्तियों में फैला डर, जलते घरों की चीख और असुरक्षा की छाया कुछ और कहानी कहती है. यदि समय रहते इस हिंसा के दुष्चक्र को नहीं रोका गया, तो इसका असर केवल बांग्लादेश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह पूरे दक्षिण एशिया की सामाजिक स्थिरता, क्षेत्रीय शांति और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गहरी चुनौती बन सकता है. कुल मिलाकर एक राष्ट्र की मजबूती इस बात से तय होती है कि वह अपने दुर्बल और अल्पसंख्यक नागरिकों को कितनी सुरक्षा और सम्मान दे पाता है. बांग्लादेश के सामने यही कसौटी आज पहले से कहीं अधिक कठोर रूप में खड़ी है.
