
छतरपुर। सनातन धर्म के प्रचारक और धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर आध्यात्मिक साधना के लिए विशेष निर्णय लेने जा रहे हैं। उन्होंने बताया है कि आगामी मई महीने में वे करीब एक माह तक पूरी तरह एकांतवास में रहेंगे और इस दौरान किसी भी प्रकार के संपर्क से दूर रहेंगे।
इस अवधि में वे न तो बागेश्वर धाम में मौजूद रहेंगे और न ही किसी प्रकार की कथा, दिव्य दरबार या सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह समय पूरी तरह साधना और आत्मिक साधनाओं को समर्पित रहेगा।
जानकारी के अनुसार वे बद्रीनाथ धाम के आसपास स्थित बर्फीले और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में जाकर एकांत साधना करेंगे। यह साधना गुरु की आज्ञा से की जा रही है, जिसका उद्देश्य आध्यात्मिक रूप से स्वयं को अधिक अनुशासित और मजबूत बनाना बताया जा रहा है।
इस दौरान वे पूरी तरह संपर्क से बाहर रहेंगे। न मोबाइल फोन का उपयोग करेंगे, न ही किसी प्रकार का संदेश या सार्वजनिक जानकारी साझा की जाएगी। ऐसे में उनके अनुयायियों को एक महीने तक उनके कार्यक्रमों और दिव्य दरबार का इंतजार करना होगा।
