
सीधी । जिले के सिहावल क्षेत्र के ग्राम घोपारी में रविवार दोपहर करीब 1 बजे एक 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मिली जानकारी के अनुसार घोपारी निवासी अलका पटेल पत्नी सोनू पटेल 23 वर्ष का विवाह लगभग चार वर्ष पहले हुआ था और उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक दो वर्षीय बेटी और एक एक वर्षीय बेटा शामिल है। मृतका के मायके पक्ष से भाई विक्रांत पटेल ने आरोप लगाया है कि अलका को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि अलका की मारपीट कर हत्या की गई और फिर शव को फांसी पर लटका दिया गया, ताकि इसे आत्महत्या दिखाया जा सके। उन्होंने मृतका के शरीर पर चोट के निशान होने का भी दावा किया है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी घटना को लेकर संदेह जताया है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर फांसी लगाने की बात कही जा रही है, वहां की ऊंचाई और खपरेल की स्थिति कई सवाल खड़े करती है। सूचना मिलने पर सिहावल-अमिलिया पुलिस और नायब तहसीलदार दिनेश तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिहावल मर्चुरी हाउस भिजवाया।
इनका कहना है-
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो जायेगा।
दिनेश तिवारी, नायब तहसीलदार सिहावल
