
ग्वालियर। साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उददेश्य से बुधवार को एसएसपी धर्मवीर सिंह ने साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया एवं साइबर सुरक्षा अभियान ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ का शुभारंभ किया। अभियान ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ का आयोजन 8 जुलाई तक किया जायेगा। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करना है।
जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाते हुये एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उददेश्य से पुलिस ने ‘सेफ क्लिक 2.0 अभियान प्रारंभ किया है। यह साइबर जागरूकता रथ आगामी 15 दिनों तक शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करेगा तथा साइबर सुरक्षा संबंधी पम्पलेट एवं प्रचार सामग्री वितरित करेगा। उन्होंने बताया कि ‘सेफ क्लिक 2.0 अभियान के दौरान जिलेभर में व्यापक स्तर पर साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें जनसंवाद कार्यक्रम, साइबर सुरक्षा कार्यशालाएं, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जागरूकता अभियान, जागरूकता रैलियां, बैनर एवं पोस्टर प्रदर्शन, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्मों का प्रदर्शन तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाओं में विशेष कार्यक्रम शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने थाना प्रभारियों से कहा कि अभियान ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ का थाना एवं अनुभाग स्तर पर अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा प्रत्येक थाना क्षेत्र में स्थित विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सार्वजनिक स्थानों एवं ग्राम पंचायतों तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी अति. पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा, सुमन गुर्जर, जयराज कुबेर सहित सीएसपी, एसडीओपी, थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
