चुरहट में दीपावली त्यौहार से पहले जहर की मिठाई

चुरहट (सीधी)। दीपावली त्यौहार नजदीक आते ही चुरहट नगर परिषद के बाजार में नकली मिठाइयों और सिंथेटिक व केमिकल युक्त खाद्य पदार्थों की आवक शुरू हो गई है। आरोप है कि कुछ चिन्हित होटल व्यापारियों द्वारा नकली मिठाई और नकली पनीर की खुलेआम बिक्री की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि क्षेत्र में दूध का उत्पादन कम है, फिर भी होटलों में मिठाई, मावा, पनीर की सामग्री 100 गुना ज्यादा मिल रही है। यह अपने आप में जांच का बड़ा विषय है। लेकिन खाद्य विभाग द्वारा न तो जांच की जा रही है, न ही कोई कार्रवाई हो रही है। इससे लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का सवाल सीधा है – जब चुरहट क्षेत्र में दूध की आवक ही सीमित है, तो आखिर होटलों और मिठाई दुकानों पर इतना मावा, पनीर और मिठाई कहां से आ रहा है?

लोगों का आरोप है कि सिंथेटिक दूध, केमिकल, पाम ऑयल, स्टार्च और अन्य हानिकारक पदार्थों से नकली मिठाई और पनीर तैयार किया जा रहा है। त्योहार के सीजन में भोले-भाले ग्राहकों को असली-नकली का फर्क पता नहीं चलता और वे यही जहर खरीदकर घर ले जाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्राहक तो और भी ज्यादा ठगे जाते हैं। वे भरोसे से मिठाई खरीदते हैं, लेकिन उन्हें पता नहीं होता कि वे मिठाई नहीं, बीमारी खरीदकर ले जा रहे हैं। आरोप है कि चुरहट के कई होटलों में खाद्य अधिनियम के विरुद्ध व्यापार हो रहा है। होटलों में खुलेआम घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा है, जो पूरी तरह गैरकानूनी है।

इससे जहां सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं आगजनी का खतरा भी बना रहता है। मिठाई, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थ खुले में रखे जाते हैं, जिस पर मक्खियां और धूल बैठती रहती है। होटल व्यवसायियों द्वारा साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखा जाता। चारों तरफ गंदगी मौजूद रहती है। खाने-पीने में फिल्टर पानी का उपयोग नहीं किया जाता, जिससे पेट की बीमारियां फैलने का खतरा रहता है। होटलों में काम करने वाले कर्मचारियों द्वारा किसी भी प्रकार के ग्लव्स व मास्क का इस्तेमाल नहीं किया जाता।
इन सबके बावजूद खाद्य विभाग की टीम सिर्फ कोरम पूर्ति की कार्यवाही करती है, ऐसा लोगों का आरोप है। लोगों का आरोप है कि खाद्य विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं करने से यह स्पष्ट होता है कि कहीं न कहीं विभाग की लापरवाही और मिलीभगत है। लोगों का कहना है कि खाद्य विभाग की कार्यवाही नहीं होने की वजह से होटल व्यवसायियों को किसी तरह का कोई भय नहीं है। वे बेखौफ होकर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। जनता के बीच यह चर्चा भी है कि क्या यह खेल कमीशन पर चल रहा है? क्या इसीलिए जांच नहीं हो रही? नकली और केमिकल युक्त खाद्य सामग्री का सेवन कितना खतरनाक है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इससे फूड प्वाइजनिंग, उल्टी-दस्त के साथ-साथ किडनी और लीवर पर गंभीर असर पड़ता है। लंबे समय तक सेवन से जान जाने की भी संभावना रहती है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह सबसे ज्यादा खतरनाक है।

क्षेत्रीय उपभोक्ताओं की मांग

.चुरहट बाजार की सभी मिठाई दुकानों और होटलों में तत्काल सैंपलिंग लेकर वहीं पर जांच हो।
. नकली मिठाई-पनीर बेचने वालों पर खाद्य अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज हो।
.होटलों में घरेलू सिलेंडर, गंदगी और खुले में खाद्य पदार्थ रखने पर सील की कार्रवाई हो।
.जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि लोगों को पता चले कि वे क्या खा रहे हैं।

इनका कहना है –

नकली व केमिकल युक्त खाद्य सामग्री का उपयोग करने से लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार होते हैं। किडनी-लीवर पर असर पड़ता है, जिससे जान जाने की संभावना रहती है। लोगों को केमिकल युक्त खाद्य सामग्री से बचना चाहिए।

डॉ. वरुण सिंह, मेडिकल ऑफिसर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट

त्योहार का सीजन चल रहा है। भोले-भाले लोगों को यह नहीं पता होता कि नकली और असली क्या होता है। खाद्य विभाग को नकली मिठाइयों व पनीर की बिक्री करने वालों के खिलाफ खाद्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई करनी चाहिए।

मनीष सोनी, व्यापारी, चुरहट

नकली खोवा से बनी मिठाई व नकली पनीर मेवा से शरीर को काफी नुकसान होता है। इस तरह के खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर प्रशासन को कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।

विक्रम यादव, अध्यक्ष, जनभागीदारी समिति चुरहट

खाद्य विभाग को नकली मिठाइयों की बिक्री करने वालों पर खाद्य अधिनियम के तहत कार्यवाही करनी चाहिए। आईपीसी की धारा के तहत सजा का भी प्रावधान है।

जय सिंह, एडवोकेट, वरिष्ठ अधिवक्ता

Next Post

बल्कर और हाईवा की जोरदार भिड़ंत

Fri Nov 6 , 2026
सिंगरौली। जिले के खुटार–रजमिलान मार्ग पर शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे बल्कर और हाईवा की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में हाईवा चालक दिनेश पाल निवासी नौगाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बल्कर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp […]

You May Like