इंदौर: पलासिया इलाके में रिटायर्ड जज के घर हुई लाखों की चोरी के मामले में पकड़ी गई भोपाल की गैंग से पूछताछ में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो और चोरी की बाइक बरामद की है. इससे पहले एक बाइक पहले ही जब्त की जा चुकी है. तीन चोरी की बाइक सामने आने के बाद पुलिस को आशंका है कि गैंग ने इंदौर में पहले भी कई वारदातों को अंजाम दिया है.
ज्ञात हो कि मनोरमागंज क्षेत्र में रहने वाले रिटायर्ड जज के घर चोरी की घटना के बाद दिल्ली भोपाल गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया था. इनके कब्जे से करीब सात लाख रुपए का चोरी का माल भी बरामद किया था. इस गिरोह का एक अन्य सदस्य, जो चोरी के वक्त साथ था, उसकी घटना के कुछ दिन बाद हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से वारदात के तरीके को लेकर पूछताछ की. इस दौरान उन्होंने बताया कि चोरी करने वे एक नहीं बल्कि तीन अलग अलग बाइक से मौके पर पहुंचे थे.
पुलिस ने जब बाइक के बारे में सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वारदात के बाद दो बाइक एक पार्किंग में छोड़ दी गई थीं और चोरी का माल लेकर वे बस से भोपाल भाग गए थे. जानकारी के बाद पुलिस टीम ने संबंधित पार्किंग में दबिश दी और दोनों बाइक जब्त कर ली. अब तक तीनों बाइक चोरी की होना सामने आया है. पुलिस को शक है कि ये वाहन या तो इंदौर से ही चुराए गए थे या फिर चोरी के वाहनों का इस्तेमाल पहले भी किया जा रहा था.
मामले में अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के पास एक साथ तीन बाइक होना इस बात का संकेत है कि उन्होंने शहर में और भी चोरी की घटनाएं की हो सकती हैं. आरोपियों के फोटो और सीसीटीवी फुटेज शहर के अन्य थानों को भेजे हैं. उम्मीद है कि पूछताछ में जल्द ही कुछ और वारदातों का खुलासा हो सकता है.
