15 फरार नशा तस्करों पर इनाम बढ़ाया

इंदौर:मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे तस्करों को पकड़ने के लिए नारकोटिक्स विंग ने एक बार फिर सख्ती बढ़ा दी है. पुराने और संवेदनशील मामलों में फरार 15 तस्करों पर घोषित इनाम की राशि बढ़ा दी गई है. विभाग का मानना है कि इनाम बढ़ने से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी आएगी और नेटवर्क तक पहुंचने में मदद मिलेगी.

नारकोटिक्स से जुड़े सूत्रों के अनुसार जिन तस्करों पर पहले 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था, उसे बढ़ाकर 20 हजार रुपए कर दिया है. वहीं जिन पर 20 हजार रुपए का इनाम था, उनकी राशि अब 25 हजार रुपए कर दी गई है. यह निर्णय पुराने मामलों की समीक्षा के बाद लिया है, जिनमें आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. बताया जा रहा है कि हाल ही में वरिष्ठ अधिकारियों ने नारकोटिक्स विंग को निर्देश दिए थे कि पुराने प्रकरणों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता दी जाए.

इसी के तहत इनाम बढ़ाने के साथ साथ विशेष टीमें भी सक्रिय की गई हैं, जो इन तस्करों के मूवमेंट और संपर्कों पर नजर रख रही हैं. आंकड़ों के मुताबिक 1 जनवरी से 23 दिसंबर 2025 के बीच नारकोटिक्स विंग ने कुल 70 प्रकरण दर्ज किए हैं. इन मामलों में 83 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान करीब 24 करोड़ 77 लाख 14 हजार रुपए कीमत का मादक पदार्थ जब्त किया है.

यह कार्रवाई सिर्फ इंदौर ही नहीं, बल्कि उज्जैन, मंदसौर, नीमच, जावरा, रतलाम, शामगढ़, नागदा सहित अन्य जिलों में भी की गई है. हाल ही में नारकोटिक्स टीम ने एक विदेशी महिला को भी गिरफ्तार किया था, जिसके पास से लाखों रुपए की कोकीन बरामद हुई थी. मामले में उसके पासपोर्ट और वीजा से जुड़े दस्तावेजों की जांच जारी है. नारकोटिक्स विंग के अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में फरार तस्करों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

नकली एचएसआरपी पर कार्रवाई जारी, अब जुर्माने के साथ नोटिस भी

Fri Dec 26 , 2025
इंदौर: हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट को लेकर परिवहन विभाग की सख्ती लगातार जारी है. नकली और अमान्य एचएसआरपी लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ शुरू किए गए अभियान में विभाग ने दोबारा सड़कों पर उतरकर जांच की. पहले दिन 10 कारें पकड़े जाने के बाद अब संबंधित वाहन मालिकों को […]

You May Like