इंदौर: हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट को लेकर परिवहन विभाग की सख्ती लगातार जारी है. नकली और अमान्य एचएसआरपी लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ शुरू किए गए अभियान में विभाग ने दोबारा सड़कों पर उतरकर जांच की. पहले दिन 10 कारें पकड़े जाने के बाद अब संबंधित वाहन मालिकों को न केवल जुर्माना लगाया है, बल्कि सही नंबर प्लेट लगवाने के लिए नोटिस भी जारी किए हैं.
परिवहन विभाग सूत्रों ने बताया कि शुरुआती कार्रवाई के बाद भी कई वाहन चालक नियमों को हल्के में ले रहे हैं. इसी वजह से जांच अभियान को आगे बढ़ाया है. पालदा और आसपास के इलाकों में हुई जांच के दौरान अधिकारियों ने रिकॉर्ड खंगाले और पाया कि जिन वाहनों पर एचएसआरपी लगी हुई थी, वह न तो अधिकृत एजेंसी से जारी हुई थी और न ही परिवहन विभाग के सिस्टम में अपडेट थी.
जांच में यह भी सामने आया कि कुछ वाहन चालकों ने जानबूझकर डिजाइनर या सामान्य नंबर प्लेट पर एचएसआरपी जैसा स्टीकर चिपका रखा था, ताकि जांच से बचा जा सके. मामले में अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की प्लेटें अपराधियों के लिए ढाल बनती हैं और वाहन की सही पहचान में बाधा डालती हैं. परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि एचएसआरपी केवल अधिकृत डीलर या शोरूम से ही लगवाई जा सकती है. 1 अप्रैल 2019 से पहले के सभी वाहनों पर यह प्लेट अनिवार्य है. तय समय में सही प्लेट नहीं लगवाने वालों के खिलाफ आगे और सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें भारी जुर्माना और वाहन जब्ती तक की कार्रवाई हो सकती है.
