
आमला। क्षेत्र में खाद्य विभाग द्वारा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के मार्गदर्शन एवं जिला अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा प्रशासन) शैलेंद्र बडोनिया के नेतृत्व में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने आमला शहरी क्षेत्र और बोरी खुर्द चौक स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशि भारतीय, शमीना कुमरे, संदीप पाटिल एवं पुरुषोत्तम भंडुरिया शामिल रहे। टीम ने आमला में संचालित सोनी किराणा तथा बोरी खुर्द स्थित राधा रमन रेस्टोरेंट और पंचशील फैमिली रेस्टोरेंट से दाल, घी, समोसे, बड़े, नमकीन एवं जलेबी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में स्वच्छता मानकों का पालन नहीं करने पर पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।बोरी क्षेत्र के राधा रमन होटल, दीपेंद्र स्वीट्स और पंचशील होटल में घरेलू गैस सिलेंडर पाए जाने पर तीनों प्रतिष्ठानों से एक-एक सिलेंडर जब्त किया गया। टीम ने सभी दुकानदारों को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही तथा व्यापारियों में जागरूकता का संदेश गया।
