क्रेन रोककर किया हंगामा, राजबाड़ा में ट्रैफिक पुलिस से भिड़े युवक-महिला

इंदौर: राजबाड़ा क्षेत्र में नो पार्किंग में खड़ी कार उठाने के दौरान ट्रैफिक क्रेन रोककर हंगामा करने का मामला सामने आया है. सराफा पुलिस ने ट्रैफिक हेडकांस्टेबल की शिकायत पर युवक और महिला के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया है.पश्चिम थाने में पदस्थ ट्रैफिक हेडकांस्टेबल हीरालाल गारी राजबाड़ा क्षेत्र में क्रेन ड्यूटी पर थे.

इसी दौरान इमामबाड़ा के पास नो पार्किंग में खड़ी कार नम्बर एमपी 09 एएल 1308 को क्रेन से उठाकर ले जाया जा रहा था. तभी वाहन मालिक विशाल भाटिया और उसके साथ मौजूद महिला वर्षा मौके पर पहुंच गए और गाड़ी छोड़ने का दबाव बनाने लगे. आरोप है कि मना करने पर महिला क्रेन के सामने खड़ी हो गई और सपोर्ट वाहन को आगे नहीं जाने दिया.

इस दौरान ट्रैफिक थाने के वाहन चालक सुजल कौशल से भी कहासुनी हुई. विवाद काफी देर तक चलता रहा, जिससे मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया. बाद में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा. इसके बाद हेडकांस्टेबल थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. सराफा थाना प्रभारी राजकुमार लिटोरिया का कहना है कि महिला का व्यवहार लगातार आपत्तिजनक रहा. वरिष्ठ अधिकारियों ने भी समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी. अधिकारियों के निर्देश पर युवक और महिला के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. वहीं महिला का कहना है कि हेडकांस्टेबल ने भी उसके साथ बदसलूकी की. हालांकि कि इस संबंध में अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.

Next Post

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की तबीयत अचानक बिगड़ने पर दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती; विशेषज्ञों की टीम स्वास्थ्य पर रख रही है नजर

Tue Jan 6 , 2026
नई दिल्ली | 06 जनवरी, 2026: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी को मंगलवार सुबह अचानक स्वास्थ्य खराब होने के कारण दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, उन्हें नियमित जांच और सांस संबंधी समस्याओं के चलते डॉक्टरों की विशेष […]

You May Like