शिवपुरी: मूवमेंट अगेंस्ट अनएम्प्लॉयमेंट (एमएयू) की जिला इकाई ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन नीट यूजी परीक्षा में कथित पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर किया गया। संगठन ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा।संगठन ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को भंग करने, पेपर लीक मामलों की न्यायिक जांच कराने और सभी रिक्त सरकारी पदों पर स्थायी भर्ती किए जाने की बात कही। एमएयू के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में बताया कि नीट यूजी जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होना एक गंभीर मामला है।
उनका आरोप है कि इससे लाखों मेहनती और मेधावी छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की कमी पर चिंता व्यक्त की, जिससे छात्रों और अभिभावकों में मानसिक तनाव बढ़ रहा है। ज्ञापन में मांग की कि नीट सहित अन्य पेपर लीक मामलों की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए। इसमें शामिल सभी दोषियों, अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस व्यवस्था लागू करने की भी मांग उठाई गई।
