टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल का बिगुल बजा, भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई में होगी भिड़ंत, वानखेड़े स्टेडियम में तय होगा फाइनल का रास्ता

मुंबई | टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने निर्णायक मोड़ पर पहुँच गया है। सुपर-8 चरण की समाप्ति के बाद सेमीफाइनल की चार दिग्गज टीमों के नाम साफ हो गए हैं। मेजबान भारत के साथ डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और अब तक अजेय रही साउथ अफ्रीका ने अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर ली है। भारत ने कोलकाता में खेले गए रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। इस मैच के हीरो संजू सैमसन रहे, जिन्होंने नाबाद 97 रनों की तूफानी पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई। अब दुनिया भर की नजरें इन चार टीमों के बीच होने वाले खिताबी संग्राम पर टिकी हैं।

टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल आज यानी बुधवार, 4 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयनुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा। वहीं, क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा महामुकाबला गुरुवार, 5 मार्च को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में देखने को मिलेगा, जहाँ टीम इंडिया का सामना इंग्लैंड से होगा। दिलचस्प बात यह है कि भारत और इंग्लैंड की टीमें लगातार तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। 2022 में इंग्लैंड जीता था और 2024 में भारत ने बदला लिया था, ऐसे में 2026 की यह भिड़ंत कांटे की होने वाली है।

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम अब अपने तीसरे विश्व खिताब से महज दो कदम दूर है। 2007 और 2024 के बाद भारत की नजरें घरेलू सरजमीं पर इतिहास रचने पर हैं। अगर भारत सेमीफाइनल में इंग्लैंड को धूल चटा देता है, तो वह 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले ग्रैंड फाइनल में प्रवेश करेगा। अहमदाबाद का यही मैदान टी20 के नए वर्ल्ड चैंपियन का गवाह बनेगा। करोड़ों भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद है कि टीम इंडिया एक बार फिर तिरंगा लहराएगी और वर्ल्ड कप की ट्रॉफी घर में ही रखेगी।

Next Post

ईरानी महिला फुटबॉल टीम का मैदान पर मौन विद्रोह, मैच से पहले राष्ट्रगान गाने से किया साफ इनकार, खामेनेई की मौत के बाद दुनिया के सामने जताया कड़ा विरोध

Wed Mar 4 , 2026
गोल्ड कोस्ट |  ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में आयोजित महिला एएफसी एशियन कप के दौरान ईरानी महिला नेशनल फुटबॉल टीम ने एक साहसी कदम उठाकर पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैच शुरू होने से पहले जब स्टेडियम में ईरान का राष्ट्रगान बजाया […]

You May Like

मनोरंजन