नयी दिल्ली 21 जुलाई (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से मंगलवार को बात कर राज्य के नामची जिले में भूस्खलन के कारण सुरंग के ढहने से उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली है और केन्द्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। उल्लेखनीय है कि नामची जिले के समरदुंग-झोलुंगे क्षेत्र में एनएचपीसी तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा ढह जाने की घटना में कम से कम नौ श्रमिकों की मौत हो गयी तथा कई अन्य घायल हो गये।
गृह मंत्रालय के अनुसार श्री शाह ने श्री तमांग से बात कर राहत और बचाव अभियान के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री को केन्द्र की ओर से राहत बचाव अभियान तथा प्रभावित लोगों की मदद के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार दोपहर सुरंग ढहने के बाद बचाव दल ने 16 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत एवं बचाव अभियान पूरी रात जारी रहा और आज भी जारी है। अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जतायी है।

