चाकघाट अग्निकांड: पीड़ित व्यापारी से मिले त्योंथर विधायक, लापरवाही पर कार्रवाई और मदद का दिया आश्वासन…

रीवा, रीवा जिले के चाकघाट स्थित बीच बाजार में हुए भीषण अग्निकांड के बाद क्षेत्र में व्याप्त भारी आक्रोश को देखते हुए त्योंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने आज घटनास्थल का दौरा किया।

इस अग्निकांड में पीड़ित व्यापारी को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंचे विधायक ने पीड़ित व्यापारी से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और उन्हें हर संभव सरकारी व निजी मदद दिलाने का भरोसा दिया।

घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि पीड़ित व्यापारी उनके पुराने मित्र हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि संकट और दुख की इस घड़ी में वे स्वयं और पूरा प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। विधायक ने नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासनिक स्तर पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।

वही अग्निकांड के दौरान फायर ब्रिगेड के समय पर न पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी नाराजगी है।

लोगों के इस आक्रोश को गंभीरता से लेते हुए विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि आग बुझाने और राहत कार्य में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी दावा किया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए चाकघाट क्षेत्र में अग्निशमन की अलग से पुख्ता व्यवस्था बनाई जा रही है।

गौरतलब है कि चाकघाट के व्यस्ततम बीच बाजार में आग लगने की इस घटना के बाद दमकल के देरी से पहुंचने पर व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा था। इससे पहले जब नगर परिषद के अध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे थे, तो उन्हें आक्रोशित व्यापारियों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा था।

स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई थी कि व्यापारियों के खदेड़ने पर नगर परिषद अध्यक्ष को वहां से अपनी जान बचाकर भागना पड़ा था।

फिलहाल, क्षेत्र में व्याप्त तनाव और लोगों के गुस्से को शांत करने के लिए त्योंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने खुद मोर्चा संभाला है और व्यापारियों से संवाद कर उन्हें न्याय व उचित मुआवजे का भरोसा दिलाया है।

Next Post

पिस्टल देखने के दौरान चली थी गोली सब्जी मंडी गोलीकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

Wed Nov 11 , 2026
रीवा, रीवा शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित सब्जी मंडी में हुए बहुचर्चित गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्तौल भी बरामद कर ली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि […]

You May Like