
रीवा, रीवा शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित सब्जी मंडी में हुए बहुचर्चित गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्तौल भी बरामद कर ली है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन दो युवक सब्जी मंडी की एक दुकान के अंदर बैठकर शराब पी रहे थे।
इसी दौरान पिस्तौल देखने और दिखाने के चक्कर में अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई।
यह गोली पास ही मौजूद फल व्यापारी शुभम खटीक को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में बेहतर उपचार के लिए जबलपुर ले गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने इस प्रकरण में घायल शुभम खटीक सहित उसके साथी छोटू चिकवा निवासी रानीतलाव को आरोपी बनाया है।
पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी छोटू चिकवा को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से अवैध पिस्तौल भी जप्त कर ली है।
सीएसपी राजीव पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि सब्जी मंडी गोलीकांड के आरोपी छोटू चिकवा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से पिस्तौल बरामद हो चुकी है फिलहाल पुलिस आरोपी से घटना और अवैध हथियार के स्रोत के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
