सिरमौर में पेट्रोल पंप पर बड़ी लूट, सोते हुए कर्मचारी पर लाठी-डंडों से हमला कर 48,500 रुपये ले उड़े नकाबपोश बदमाश

रीवा, रीवा जिले के सिरमौर थाना क्षेत्र के शशिकला पेट्रोल पंप पर देर रात लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है।

बाइक पर सवार होकर आए पांच नकाबपोश बदमाशों ने पंप के बाहर सो रहे एक कर्मचारी पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया और डीजल बिक्री के 48 हजार 500 रुपये लूटकर फरार हो गए।

इस पूरी वारदात की तस्वीरें पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं।

पेट्रोल पंप के मैनेजर देवेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह वारदात रात करीब साढ़े 11 बजे हुई। बाइक से पहुंचे पांच बदमाशों ने अपने चेहरे नकाब से ढक रखे थे। उन्होंने पंप के बाहर सो रहे कर्मचारी मोती सिंह पर अचानक लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।

हमले में मोती सिंह के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उन्हें टांके लगाने पड़े हैं और उनके हाथ की उंगलियां भी टूट गई हैं।

घायल कर्मचारी मोती सिंह ने बताया कि हमला इतना अचानक था कि जब तक वे संभल पाते और कुछ समझ पाते, बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो चुके थे।

पीड़ित के मुताबिक, उसने शाम के वक्त की डीजल बिक्री के 48 हजार 500 रुपये अपनी पैंट की जेब में रखे थे। बदमाश हमले के बाद नकदी निकालने के बजाय पूरी पैंट ही उठाकर अपने साथ ले गए।

फिलहाल लूट की यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें नकाबपोश बदमाशों की करतूत साफ नजर आ रही है। हालांकि, इस मामले में स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

घायल कर्मचारी मोती सिंह और पंप मैनेजर देवेंद्र सिंह ने सिरमौर थाने के मुंशी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि जब वे घटना की शिकायत लेकर थाने पहुंचे, तो रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी की गई।

फिलहाल, पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की गुहार लगाई है।

Next Post

दोस्तों की पार्टी में चली गोली : पुलिस के हत्थे चढ़े चार आरोपी, अवैध पिस्टल व कारतूस सहित कार जप्त

Wed Nov 11 , 2026
रीवा, रीवा से एक बेहद ही सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहाँ दोस्तों के साथ देर रात पार्टी करना एक युवक को भारी पड़ गया। नशे और रौब के बीच हुई फायरिंग में युवक को गोली लग गई। हालांकि, समान थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को […]

You May Like