बेल्ट में तंबाकू छिपाकर ले जाते प्रहरी पकड़ाया, निलंबित

सतना : केंद्रीय जेल की सुरक्षा व्यवस्था में एक बार फिर बड़ा झोल सामने आया है। जेल के भीतर तंबाकू ले जाने के आरोप में एक जेल प्रहरी को रंगे हाथों पकड़ा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल अधीक्षक ने आरोपी प्रहरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और मामले की उच्च स्तरीय विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह 4 से 8 बजे की शिफ्ट के दौरान मुख्य प्रहरी सैय्यद इसरार जेल परिसर में नियमित जांच कर रहे थे।

इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात प्रहरी बनवारी लाल जाटव की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर उनकी तलाशी ली गई। कड़ाई से की गई जांच में प्रहरी के बेल्ट के ठीक नीचे टेप से लपेटकर छिपाई गई एक पुड़िया बरामद हुई। जब पुड़िया को खोलकर देखा गया, तो उसमें करीब 10 से 12 ग्राम प्रतिबंधित तंबाकू पाई गई। मौके पर ही पंचनामा तैयार कर तंबाकू को जब्त कर लिया गया और इसकी सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।

केंद्रीय जेल परिसर में तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट या किसी भी प्रकार की नशीली सामग्री ले जाना पूरी तरह से कानूनन जुर्म और प्रतिबंधित है। इसे जेल नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए जेल अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाया और आरोपी प्रहरी बनवारी लाल जाटव को तुरंत सस्पेंड कर दिया।निलंबन की इस कार्रवाई के बीच आरोपी प्रहरी बनवारी लाल जाटव की एक और तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर में वह पुलिस की वर्दी पहने हुए हाथ में पिस्टल थामे नजर आ रहा है।
हालांकि, जेल प्रशासन ने इस तस्वीर की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन चर्चा है कि यह तस्वीर महज रौब और प्रभाव दिखाने के उद्देश्य से खिंचवाई गई थी।

पहले भी उठ चुके हैं सुरक्षा पर सवाल
केंद्रीय जेल में प्रतिबंधित सामग्री पहुंचने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जेल के भीतर गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने के आरोप में एक एएसआई के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। बार-बार सामने आ रहे इन मामलों ने जेल की अंदरूनी सुरक्षा और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Post

मैहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 64 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Sun Jun 7 , 2026
मैहर : जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मैहर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।पुलिस ने मौके से विभिन्न […]

You May Like