
आलीराजपुर। पुलिस से बचने के लिए चोरी की मोटरसाइकिल का रंग बदलकर उसका इस्तेमाल करना एक आरोपी को भारी पड़ गया। बखतगढ़ पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी को चोरी की HF Deluxe मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की बाइक भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार ग्राम गारादेही, थाना जुन्नारदेव जिला छिंदवाड़ा निवासी सुरेन्द्र कुमार बारसिया (30) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक MP-09-VK-5880, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपए है, ग्राम छकतला में सरकारी अस्पताल के पास नट्टू के मकान के सामने से रात के समय चोरी हो गई। शिकायत पर थाना बखतगढ़ में अपराध क्रमांक 08/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
चेकिंग में खुला चोरी की बाइक का राज
चोरी की मोटरसाइकिल और आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार वाहन चेकिंग एवं संदिग्धों की जांच कर रही थी। इसी दौरान 6 अगस्त को चौकी छकतला के सामने वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और वाहन के दस्तावेजों की जांच की तो बाइक चोरी की निकली।
पुलिस ने तत्काल आरोपी को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि पुलिस की नजरों से बचने के लिए आरोपी ने चोरी की बाइक का रंग तक बदल दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की HF Deluxe बरामद कर ली।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी बखतगढ़ निरीक्षक संतोष सिसोदिया, चौकी प्रभारी छकतला उप निरीक्षक राहुल चौहान, सउनि लक्ष्मण परमार, आरक्षक 171 गोविंद यादव, 544 चंदन चौहान, 20 सुनील सिसोदिया एवं आरक्षक 93 पूजा त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
