जबलपुर: रांझी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने रंगदारी न देने पर एक होटल संचालक के साथ सरेराह मारपीट कर दी। इसके बाद चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।पुलिस के अनुसार रक्षानगर बड़ा पत्थर निवासी 36 वर्षीय निहाल चौकसे भंवरताल गार्डन में होटल संचालित करते हैं, रात अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे। उनके साथ कार क्रमांक एमपी 20 जेएन 4462 में भाई दीपक चौकसे और दोस्त शिवम टैगोर भी मौजूद थे।
जब निहाल ने अपनी कार पटवा किराना के पास मेन रोड पर खड़ी की, तभी बापू नगर निवासी रोहन राजपूत और सूरज सोनकर एक्टिवा एमपी 20 जेड यू 1346 से वहां पहुंचे। आरोपियों ने निहाल को धमकाते हुए कहा कि उसका होटल अच्छा चल रहा है और अगर उसे धंधा जारी रखना है, तो हर हफ्ते 1,000 रुपये की रंगदारी देनी होगी। इसके साथ ही उन्होंने तत्काल शराब पीने के लिए भी पैसों की मांग की। जब होटल संचालक ने पैसे देने से इंकार किया, तो आरोपी सूरज सोनकर ने चाकू निकाल लिया और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। वहीं, रोहन राजपूत ने निहाल के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए भाई दीपक और दोस्त शिवम को भी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
