
सिंगरौली । जिला अस्पताल सह ट्रामा सेंटर परिसर में पार्किंग व्यवस्था बदहाल होने से मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से आवागमन प्रभावित होने के साथ ही कई बार जाम जैसी स्थिति भी निर्मित हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर व्यवस्थित पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था होना जरूरी है, ताकि एंबुलेंस एवं अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा न आए। मरीजों एवं उनके परिजनों ने संबंधित अधिकारियों से अस्पताल परिसर की पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित कराने और वाहनों की पार्किंग के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
