अशोकनगर/चंदेरी: चंदेरी क्षेत्र में कलेक्टर आदित्य सिंह के निरीक्षण के दौरान शासकीय स्कूल में मध्यान्ह भोजन मिट्टी के चूल्हे पर पकता मिला। इस गंभीर लापरवाही ने प्रशासन को कठोर कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया, जिसके तहत कई अधिकारी-कर्मचारियों को निलंबित व नोटिस जारी किए गए। दरअसल,कलेक्टर आदित्य सिंह ने ग्राम जारसल चक स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय के औचक निरीक्षण में पाया कि विद्यालय में मध्यान्ह भोजन गैस चूल्हे के बजाय मिट्टी के चूल्हे पर बनाया जा रहा था। निर्धारित मानकों के विपरीत इस अव्यवस्था को गंभीर लापरवाही मानते हुए कलेक्टर ने तुरंत कार्रवाई की। इसी आधार पर सीएसी अशोक ओझा और बीएसी राम सिंह लोधी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अन्य विभागों में भी व्यापक अनियमितताएं सामने आईं। उप स्वास्थ्य केंद्र थूबीन बंद पाया गया, जिस पर बीएमओ प्रशांत दुबे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। ग्राम डुंगासरा का माध्यमिक विद्यालय बंद मिलने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुरभि जैन को भी नोटिस थमाया गया।ग्राम जारसल आंगनवाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता ममता लोधी तथा ढुंगासरा की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुनीता बाई अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित मिलीं, जिसके चलते दोनों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी हुआ। दोनों ग्रामों में बच्चों की कम उपस्थिति, नाश्ता समय पर न मिलने और केंद्र समय पर न खुलने जैसी शिकायतों पर प्रभारी परियोजना अधिकारी मिथलेश रैकवार के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
विद्यालयों में गैस चूल्हा नहीं होने और मिट्टी के चूल्हे पर खाना पकने की पुष्टि होने पर विकासखंड स्रोत समन्वयक वेदप्रकाश गोयल को भी स्पष्टीकरण देना होगा।
पंचायत डुंगासरा के सचिव सत्यपाल सिंह पंवार मुख्यालय से अनुपस्थित मिले, जिसे गंभीरता से लेते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। इसी प्रकार ग्राम जारसल की पर्यवेक्षक सदमा बानो को भी आंगनवाड़ी केंद्र समय पर न खोलने और बच्चों को नाश्ता न मिलने पर निलंबित कर दिया गया।
ग्राम जारसल के पटवारी कुलदीप सोलंकी और सचिव राजेंद्र सिंह की दो-दो वेतनवृद्धियाँ असंचयी प्रभाव से रोक दी गई हैं। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर ने दो दिन पूर्व इन क्षेत्रों का गहन निरीक्षण कर कई अनियमितताएं पकड़ी थीं।
