छतरपुर: जिले के खजुराहो में कड़ाके की ठंड से लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार–शुक्रवार की रात यहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसे शुक्रवार सुबह 8:30 बजे रिकॉर्ड किया गया। इससे एक दिन पहले गुरुवार को इस सर्दी के मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा था।
इस तरह तापमान में केवल 0.2 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी हुई है, जिसका ठंड के असर पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा है।मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में 1 से 2 प्रतिशत का यह उतार-चढ़ाव सामान्य है और इससे ठंड में राहत नहीं मिलती। यही कारण है कि क्षेत्र में ठिठुरन अब भी बनी हुई है और लोग कड़ाके की सर्दी का सामना कर रहे हैं।
आने वाले दिनों को लेकर मौसम विभाग ने और ठंड बढ़ने की संभावना जताई है। बादल छंटने के कारण रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। अगले कुछ दिनों तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, वहीं 15 जनवरी तक ठंड का प्रभाव बने रहने की बात कही गई है।
शुक्रवार सुबह से ही खजुराहो में घना कोहरा देखने को मिला, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। दृश्यता बेहद कम रही और वाहन चालकों को सतर्क होकर चलना पड़ा। सुबह के समय तापमान करीब 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम में नमी का स्तर 100 प्रतिशत दर्ज किया गया है। घने कोहरे के चलते दृश्यता 10 से 15 मीटर तक सिमट गई, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसे 50 मीटर बताया गया है।
