मोदी और मांडविया ने एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली मीराबाई चानू को दी बधाई

नयी दिल्ली 23 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केन्द्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियाई खेलों की भरोत्तोलन प्रतियोगिता के 49 किग्रा भार वर्ग में बुधवार को रजत पदक जीतने वाली स्टार एथलीट मीराबाई चानू को बधाई दी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “मीराबाई चानू के लिए एक खास रजत पदक। महिलाओं के 49 किग्रा वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में पदक जीतने पर उन्हें बधाई। उनका दृढ़ संकल्प और निरंतरता देश को प्रेरित करते रहते हैं। भारत को उन पर गर्व है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।” प्रधानमंत्री ने इस मंच पर मीराबाई चानू की तस्वीर भी साझा की। वहीं डॉ. मांडविया ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर लिखा, “मीराबाई चानू के लिए ऐतिहासिक रजत पदक। एशियाई खेल 2026 में महिलाओं के 49 किग्रा वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर बधाई।

यह उनका पहला एशियाई खेलों का पदक है और 28 साल बाद भारत को इन खेलों में एक और मेडल मिला है! पूरे देश को आप पर गर्व है।” उल्लेखनीय है कि भारत की स्टार एथलीट मीराबाई चानू ने बुधवार को एशियाई खेलों में महिलाओं की 49 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 198 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीत लिया है। इसी के साथ उन्होंने इस स्पर्धा में पदक जीतने के 28 साल के सूखे को समाप्त कर दिया। इससे पहले 1998 में कर्णम मल्लेश्वरी ने रजत पदक जीता था। टोक्यो 2020 ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली मीराबाई चानू ने नागोया सिटी ट्रेड एंड इंडस्ट्री सेंटर में कुल 198 किग्रा (87 किग्रा स्नैच 111 किग्रा क्लीन एंड जर्क) का भार उठाकर एशियाई खेलों में अपना पहला पदक जीता।

.....

Next Post

गुना में खाद के लिए सड़कों पर उतरे अन्नदाता, बमौरी रोड पर लगाया चक्काजाम

Wed Sep 23 , 2026
गुना जिले में खाद के लिए अन्नदाताओं का सब्र अब जवाब देने लगा है। बागेरी डबल लॉक वितरण केंद्र के बाहर खाद न मिलने से आक्रोशित किसानों ने चक्काजाम कर दिया, जिससे बमौरी रोड पूरी तरह ब्लॉक हो गया और आवागमन ठप हो गया। सड़क पर उतरे किसानों का दर्द […]

You May Like