गुना में खाद के लिए सड़कों पर उतरे अन्नदाता, बमौरी रोड पर लगाया चक्काजाम

गुना जिले में खाद के लिए अन्नदाताओं का सब्र अब जवाब देने लगा है। बागेरी डबल लॉक वितरण केंद्र के बाहर खाद न मिलने से आक्रोशित किसानों ने चक्काजाम कर दिया, जिससे बमौरी रोड पूरी तरह ब्लॉक हो गया और आवागमन ठप हो गया। सड़क पर उतरे किसानों का दर्द साफ झलक रहा था कि वे पिछले 8 दिनों से लगातार ई-टोकन बुक करने की जद्दोजहद कर रहे हैं, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते हर बार हाथ निराशा ही लग रही है।

किसानों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जब वे मोबाइल से ई-टोकन बुक करने का प्रयास करते हैं, तो सर्वर या तो काम नहीं करता या वेबसाइट पूरी तरह ठप मिलती है। किसानों का कहना है कि रिटेलर ठीक 9:50 बजे आते हैं, जबकि पोर्टल सुबह 9:30 से 10 बजे के बीच जानबूझकर बंद बता दिया जाता है। जैसे ही 10 बजे टोकन जनरेट करने का समय होता है, रिटेलर गायब हो जाते हैं और किसानों को मात्र 2 मिनट का मौका मिलता है। इतने कम समय में सर्वर डाउन होने के कारण टोकन बुक नहीं हो पाता। किसानों का यह भी सवाल है कि जब सरकारी केंद्रों पर खाद उपलब्ध नहीं है, तो आखिर दुकानों पर खाद कहां से बिक रहा है?

जाम की सूचना मिलते ही बमौरी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। उन्होंने भी माना कि तकनीकी खामी के चलते किसानों को ई-टोकन मिलने में दिक्कतें आ रही हैं। हंगामे को देखते हुए तहसीलदार और कृषि विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर तलब किया गया है। गौरतलब है कि इस वितरण केंद्र पर व्यवस्थाओं को लेकर किसानों में पहले भी नाराजगी देखी गई थी।

Next Post

कार टच को लेकर विवाद, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास फायरिंग से अफरा-तफरी

Wed Sep 23 , 2026
नरसिंहपुर: शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी क्षेत्र के पास मंगलवार देर रात एक बिल्डिंग में गोली चलने की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार टच होने को लेकर एक शासकीय कंस्ट्रक्शन ठेकेदार और स्थानीय कोचिंग के छात्रों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद […]

You May Like