इंदौर:एमआईजी थाना क्षेत्र में 7 अगस्त की रात एबी रोड पर जोमैटो डिलीवरी बॉय से मोबाइल लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने 72 घंटे में गिरफ्तार कर लिया. गुरुद्वारे के पास डिलीवरी बॉय की मोटरसाइकिल रुकवाकर मोबाइल लूटकर आरोपी ऑटो से फरार हुए थे. पुलिस ने लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल ऑटो जब्त कर लिया है.
पुलिस ने जय चंदेरी उम्र 22 साल, निवासी राज नगर (चंदन नगर) और राज रणोंजा उम्र 20 साल, निवासी ओमविहार कॉलोनी, पल्हड़ नगर को गिरफ्तार किया है, दोनों ऑटो चालक और आपस में दोस्त हैं. जय के कब्जे से मोबाइल और राज का ऑटो जब्त किया है. आरोपियों की तलाश में पुलिस ने एलआईजी से लवकुश चौराहे तक करीब 120 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में ऑटो के पीछे एक ही ब्रेक लाइट लगातार दिखाई देने से उसका रूट ट्रेस किया. लवकुश चौराहे के बाद ऑटो का सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने रूट की बैक ट्रेकिंग की.
बिरयानी विक्रेता से मिले सुराग के जरिये आरोपियों तक पहुंची पुलिस
डीसीपी जोन 2 अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि जांच के दौरान फ्री प्रेस क्षेत्र के एक बिरयानी विक्रेता ने बताया कि घटना वाली रात ऑटो सवार युवक-युवती और चालक ने उसकी दुकान पर बिरयानी खाई थी. आरोपियों ने 150 रुपए की बिरयानी के बदले यूपीआई से 400 रुपए का भुगतान किया और 250 रुपए वापस लिए थे. इसी भुगतान से मिले मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर पुलिस ने राज को ऑटो सहित पकड़ा, उसके साथ जय भी मिल गया.
आरोपियों को रिमांड पर लेकर की जा रही पूछताछ
डीसीपी के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने लूट करना स्वीकार किया. घटना 7 अगस्त की रात करीब 2 बजे हुई थी. फरियादी हिम्मत सिंह जाटव लोटस चौराहे से एलआईजी की ओर जा रहा था. गुरुद्वारे के पास ऑटो सवार युवक ने उसकी मोटरसाइकिल रुकवाई और मोबाइल छीन लिया. फरियादी के पीछा करने से पहले ही आरोपी ऑटो लेकर भाग निकले. घटना वाली रात दोनों आरोपी उज्जैन जा रहे थे. आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने युवती से भी पूछताछ की है
