भोपाल। जिला प्रशासन ने बुधवार से भोपाल के अनंतपुरा इलाके में जमीन का सीमाकंन शुरू कर दिया है. ‘मछली’ परिवार द्वारा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर कराए गए निर्माण पर की गई कार्रवाई के बाद प्रशासन अब जमीन की नप्ती कर रहा है. पशुपालन विभाग द्वारा दिए गए आवेदन पर सीमांकन का कार्य हो रहा है. इसके लिए 3 तहसीलदारों, राजस्व निरीक्षकों के साथ ही 11 पटवारियों को काम में लगया गया है. माना जा रहा है कि प्रशासन की यह टीम करीब एक सप्ताह में अपना काम पूरा कर लेगी.
कोकता बायपास क्षेत्र में करीब 100 एकड़ जमीन की नप्ती को लेकर दोपहर से ही शुरूआती की गई. इस मौके पर क्षेत्रीय एसडीएम रवीश कुमार और तहसीलदार सौरभ वर्मा भी उपस्थित रहे. नप्ती के दौरान कब्जे वाली जगहों को चिन्हित किया गया और वहां पर लाल गोले के निशान भी लगाए गए. प्रशासनिक अधिकारियों को इस दौरान कई स्थानों पर कब्जे किए जाने की जानकारी मिली.
बता दें कि भोपाल में लव जिहाद और ड्रग्स सप्लाई के मामले उजागर होने पर मछली परिवार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है. पशुपालन विभाग की जमीन पर इस परिवार द्वारा अवैध तरीके से कब्जे की जानकारी सामने आने के बाद लगातार कार्रवाई की जा रही है. पशुपालन विभाग के आवेदन पर अब सरकारी जमीन पर नप्ती का काम किया जा रहा है. कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह के निर्देशन में कार्रवाई की जार रही है. मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है.
