हैदराबाद | साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सबसे चर्चित कपल रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी की खबरें एक बार फिर आग की तरह फैल रही हैं। सोशल मीडिया पर एक वेडिंग इनविटेशन कार्ड वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि दोनों सितारे 26 फरवरी, 2026 को एक निजी समारोह में शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। कार्ड में लिखे संदेश के अनुसार, विजय और रश्मिका अपने जीवन के इस नए अध्याय की शुरुआत अपने करीबी लोगों और परिवार के आशीर्वाद के साथ करना चाहते हैं।
इंटरनेट पर लीक हुए इस कार्ड के मुताबिक, 26 फरवरी को शादी की रस्मों के बाद, 4 मार्च को हैदराबाद में एक भव्य वेडिंग रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा। हाल ही में उदयपुर के सिटी पैलेस से कुछ वीडियो सामने आने के बाद यह अटकलें और तेज हो गई थीं कि यह कपल राजस्थान में रॉयल वेडिंग कर सकता है। हालांकि, फरवरी की शुरुआत में आई शादी की कुछ खबरें महज अफवाह निकली थीं, लेकिन इस बार कार्ड पर लिखी तारीखों ने प्रशंसकों के बीच भारी उत्साह पैदा कर दिया है।
यद्यपि विजय और रश्मिका ने अब तक आधिकारिक तौर पर अपने रिश्ते या शादी की पुष्टि नहीं की है, लेकिन हाल ही में दोनों को मुंबई एयरपोर्ट पर एक साथ देखे जाने के बाद इन खबरों को और मजबूती मिली है। रविवार रात दोनों को अलग-अलग एंट्री करने के बाद एक ही कार में जाते हुए देखा गया। फिलहाल प्रशंसक इस “वेडिंग कार्ड” की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं, ताकि वे अपनी पसंदीदा ऑन-स्क्रीन जोड़ी ‘गीता गोविंदम’ को असल जिंदगी में एक होते हुए देख सकें।

