नयी दिल्ली, 07 जुलाई (वार्ता) सिंगापुर एयरलाइंस की कम लागत वाली इकाई स्कूट ने मंगलवार को जुलाई थीमैटिक सेल की घोषणा की जिसके तहत किराया 10,500 रुपये से शुरू है। कंपनी बताया कि टिकटों की बुकिंग 07 जुलाई से 12 जुलाई के बीच करायी जा सकती है। इस दौरान ग्राहक भारत से सिंगापुर होते हुए फुकेट के लिए इकोनॉमी क्लास में एकतरफा टिकट मात्र 10,500 रुपये से शुरू होने वाले किराये पर बुक कर सकेंगे।
सेल के तहत भारत के हर शहर से रियायती बुकिंग पर यात्रा की अवधि अलग-अलग रखी गयी है। अमृतसर से 13 सितंबर से 23 अक्टूबर 2026 के बीच यात्रा अवधि पर यह ऑफर मिलेगा। कोयंबटूर, तिरुवनंतपुरम, विशाखापत्तनम, तिरुचिरापल्ली और चेन्नई से 01 सितंबर से 08 नवंबर 2026 के बीच, 20 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 के बीच और 23 फरवरी 2027 से 27 मार्च 2027 के बीच यात्रा के लिए ऑफर मान्य है।
इस ऑफर के तहत यात्री न्हा ट्रांग (वियतनाम), बैंकॉक और चियांग राय (थाईलैंड), बाली और जकार्ता (इंडोनेशिया) के साथ-साथ सिडनी, मेलबर्न और पर्थ (ऑस्ट्रेलिया) जैसे गंतव्यों की यात्रा की योजना बना सकते हैं। सेल के तहत विशाखापत्तनम से फुकेट और जकार्ता का किराया 10,500 रुपये से शुरू होगा। अमृतसर से 12,000 रुपये में, कोयम्बटूर से 11,500 रुपये में और तिरुवनंतपुरम् से 11,000 रुपये में कुआलालंपुर पहुंचा जा सकता है। फुकेट के लिए तिरुचिरापल्ली से 12,500 रुपये में, विशाखापत्तनम् से 10.500 रुपये में और चेन्नई से 11,000 रुपये में टिकट बुक करायी जा सकती है।

