अहमदाबाद, 07 जुलाई (वार्ता) अडानी एंटरप्राइजेज की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई कच्छ कॉपर लिमिटेड (केसीएल) को ‘अडानी कॉपर’ के लिए लंदन मेटल एक्सचेंज का प्रमाणन प्राप्त हुआ है।
अडानी एंटरप्राइजेज ने मंगलवार को बताया कि लंदन मेटर एक्सचेंज (एलएमई) औद्योगिक धातुओं के वैश्विक व्यापार का प्रमुख केंद्र है। उसके द्वारा दी गयी यह स्वीकृति केसीएल की विनिर्माण उत्कृष्टता और जिम्मेदार सोर्सिंग का वैश्विक मानकों पार प्रमाणन है। इसके साथ ही, 10 जुलाई से एलएमई पर तांबे के वायदा अनुबंधों पर जारी किये जाने वाले वारंट के लिए पात्र अडानी कॉपर कैथोड की डिलीवरी संभव होगी।
अडानी एंटरप्राइजेज में प्राकृतिक संसाधन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और कच्छ कॉपर लिमिटेड के प्रबंधन निदेशक विनय प्रकाश ने कहा, “तांबा वैश्विक ऊर्जा परिवर्तन की रीढ़ है। एलएमई ब्रांड का दर्जा प्राप्त करना अडानी को दुनिया के अग्रणी तांबा उत्पादकों की श्रेणी में स्थापित करता है। इससे वैश्विक बाजार में अडानी कॉपर की स्वीकार्यता और बढ़ेगी। यह न केवल अंतरराष्ट्रीय धातु उद्योग में देश की बढ़ती प्रतिष्ठा को मजबूत करेगा, बल्कि परिष्कृत तांबे के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक ऐतिहासिक कदम है।”
एलएमई ब्रांड प्रमाणन के लिए धातु के रासायनिक संरचना, आकार और वजन सहित गुणवत्ता संबंधी उच्च मानकों का गहन परीक्षण किया जाता है। एलएमई में सूचीबद्ध होने के बाद अडानी कॉपर कैथोड को एलएमई द्वारा अनुमोदित वेयरहाउसों में वारंट के तहत रखा जा सकेगा। इससे वित्तपोषण में अधिक लचीलापन मिलेगा। कच्छ कॉपर लिमिटेड की वार्षिक उत्पादन क्षमता पांच लाख टन है। इसकी स्थापना 1.2 अरब डॉलर की लागत से की गयी थी।

