
इन्दौर। मानसून की शुरुआती बारिश ने ही नगर निगम के सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। खजराना गणेश मंदिर चौराहे पर महज 10 मिनट की बारिश में सड़क पर इतना पानी भर गया कि पूरा क्षेत्र जलमग्न नजर आने लगा।
सड़क पर जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क तो बना दी गई, लेकिन वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है।
मानसून अभी शुरुआती दौर में है। ऐसे में यदि तेज और लगातार बारिश हुई तो इस क्षेत्र में हालात और गंभीर हो सकते हैं। शुरुआती बारिश में ही जलभराव की स्थिति ने नगर निगम की तैयारियों और ड्रेनेज व्यवस्था पर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
