हंगामा: देवास कोर्ट परिसर में फर्जी आईडी के आरोपी की पिटाई का प्रयास 

देवास। फर्जी फेसबुक आईडी “दर्पण देवास” प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी हर्ष वर्मा को बुधवार को न्यायालय में पेश किए जाने के दौरान कोर्ट परिसर में हंगामा हो गया। पेशी के समय पहले से मौजूद कुछ आक्रोशित लोगों ने आरोपी को घेर लिया और पुलिस की मौजूदगी में उसकी पिटाई करने की कोशिश की। अचानक हुई इस घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह स्थिति को संभाला और आरोपी को सुरक्षित रूप से कोर्ट रूम के भीतर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी पर फर्जी आईडी के माध्यम से सामाजिक एवं राजनीतिक व्यक्तियों की छवि खराब करने, आपत्तिजनक पोस्ट डालने एवं मानसिक प्रताड़ना पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप हैं।

इस मामले में नगर की महापौर श्रीमती गीता दुर्गेश अग्रवाल द्वारा कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद आरोपी के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध किया गया था। आरोपी को अदालत में प्रस्तुत किए जाने के बाद न्यायाधीश ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने के आदेश दिए हैं।

घटना के बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। न्यायालय जैसे संवेदनशील स्थान पर भीड़ द्वारा हमला करने का प्रयास चिंताजनक माना जा रहा है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ के कुछ लोग आरोपी को पकड़ने का प्रयास करते दिख रहे हैं, वहीं पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं। कोतवाली पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Next Post

सांसद ने नपा सीधी को दिये दो शव वाहन, परिषद ने जताया आभार 

Wed Jul 23 , 2025
सीधी।नगर पालिका परिषद सीधी की सामान्य सभा की बैठक में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के प्रति सामूहिक रूप से आभार प्रकट किया गया। सांसद डॉ. मिश्रा द्वारा नगर पालिका परिषद को जनसेवा के उद्देश्य से दो शव वाहन एवं एक शव रखने के लिए अत्याधुनिक फ्रीजर की सौगात दी गई […]

You May Like