
सीधी।नगर पालिका परिषद सीधी की सामान्य सभा की बैठक में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के प्रति सामूहिक रूप से आभार प्रकट किया गया। सांसद डॉ. मिश्रा द्वारा नगर पालिका परिषद को जनसेवा के उद्देश्य से दो शव वाहन एवं एक शव रखने के लिए अत्याधुनिक फ्रीजर की सौगात दी गई है।
बैठक में यह धन्यवाद प्रस्ताव सांसद प्रतिनिधि अमित प्रधान के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। प्रस्ताव रखते हुए उन्होंने कहा कि सांसद डॉ. मिश्रा द्वारा नगर की स्वास्थ्य सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए यह महत्वपूर्ण संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं, जो नगरवासियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे।
सांसद के इस सहयोग की सराहना करते हुए सभी पार्षदों ने करतल ध्वनि से प्रस्ताव का समर्थन किया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। पार्षदों ने इसे जनसेवा की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष, सीएमओ सहित समस्त पार्षद एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी ने आशा जताई कि इसी प्रकार जनप्रतिनिधियों का सहयोग नगर के विकास में लगातार मिलता रहेगा।
