कोलंबो | भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले की पूर्व संध्या पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम संयोजन को लेकर अहम जानकारी दी। सूर्या ने संकेत दिया कि नामीबिया के खिलाफ बाहर रहने वाले विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेंगे। जब उनसे पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने के विवाद पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने चतुराई से जवाब देते हुए कहा, “24 घंटे इंतज़ार करें, हम यहाँ क्रिकेट खेलने आए हैं और अच्छा खेल दिखाकर सोएंगे; हाथ मिलाने का फैसला कल मैच के समय ही करेंगे।”
पाकिस्तानी मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक की अनोखी गेंदबाजी शैली पर बात करते हुए सूर्या ने मजाकिया लहजे में कहा कि कभी-कभी एग्जाम में ‘आउट ऑफ सिलेबस’ सवाल आ जाते हैं, लेकिन हम सरेंडर नहीं कर सकते। उन्होंने बताया कि भारतीय बल्लेबाज नेट पर तारिक जैसे एक्शन वाले गेंदबाजों के खिलाफ कड़ा अभ्यास कर रहे हैं। कप्तान ने कोलंबो के अनिश्चित मौसम पर भी अपनी राय रखी और कहा कि मौसम हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन इस मैदान पर हमारा पुराना अनुभव टीम के काफी काम आएगा और हम मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार हैं।
टूर्नामेंट में अब तक भारत के लड़खड़ाते मिडिल ऑर्डर को लेकर सूर्यकुमार ने ईमानदारी से अपनी बात रखी। उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले मैचों में टीम की शुरुआत खराब रही है और इसके लिए कोई बहाना नहीं चलेगा। सूर्या ने कहा, “मुश्किल विकेट पर अनुभवी बल्लेबाजों को अपनी रणनीति खुद बनानी होगी। हम थोड़े लड़खड़ाए जरूर थे, लेकिन हमने स्थिति को अच्छे से संभाल लिया, यही टी20 क्रिकेट की खूबसूरती है।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया एक नई ऊर्जा और बेहतर बल्लेबाजी रणनीति के साथ मैदान पर उतरेगी।

