
दमोह। नल-जल योजनाओं से जुड़ी सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों के निराकरण को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने की.
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे,समस्त जनपद पंचायतों के सीईओ, नगर पालिकाओं के सीएमओ, पीएचई विभाग, जल निगम, विद्युत विभाग के अधिकारी, अधीक्षण अभियंता तथा पंचायत सचिव मौजूद रहे.कलेक्टर श्री यादव ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज नल-जल योजना से संबंधित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की.उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ी कोई भी शिकायत लंबित न रहे.सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर, समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए.
कलेक्टर ने कहा कि जहां पाइपलाइन लीकेज, मोटर खराब या बिजली संबंधी समस्या है, उसे संबंधित विभाग आपसी समन्वय से तत्काल दुरुस्त करें.लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी.बैठक में जिले में संचालित समूह जल प्रदाय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की जा रही है।
