सिडनी, 02 फरवरी (वार्ता) चोट से उबर रहे ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जॉश हेजलवुड रिहैब के कारण आगामी टी-20 विश्व कप का शुरुआती दौरे से बाहर रह सकते है। उनकी जगह शॉन एबट को ऑस्ट्रेलिया के विश्व कप टीम में ट्रैवलिंग रिजर्व के रूप में जोड़ा गया है।
पाकिस्तान का दौरा मिस करने के बाद ग्लेन मैक्सवेल, नाथन एलिस और टिम डेविड मंगलवार को कोलंबो में टीम से जुड़ने के लिए तैयार हैं। गुरुवार को नीदरलैंड्स के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का अभ्यास मैच है और फिर 11 फरवरी को उन्हें आयरलैंड के खिलाफ पहला मैच खेलना है।
हेजलवुड इंग्लैंड सीरीज की शुरुआत में हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण बाहर हो गए थे और फिर रिहैब के दौरान उन्हें दूसरी समस्या हो गई। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ताओं और मेडिकल स्टाफ ने निर्णय लिया है कि वे फिलहाल सिडनी में ही रहेंगे। चयनकर्ता टोनी डोडेमाइड ने इस बारे में कोई समय-सीमा नहीं बताई है कि वे श्रीलंका कब पहुंचेंगे।
डोडेमाइड ने कहा, “हमें लगा कि जॉश के लिए श्रीलंका जाने से पहले घर पर जाने-पहचाने माहौल में अपना रिहैबिलिटेशन जारी रखना अधिक व्यावहारिक और फायदेमंद होगा। नाथन के भी खेल में वापसी की प्रक्रिया पूरी करने के साथ, हमने शॉन को अपने साथ तेज गेंदबाजी कवर के तौर पर लाने का फैसला किया है ताकि अगर कम समय के नोटिस पर कुछ भी होता है तो वह उपलब्ध रहें। शॉन एक मंझे हुए और बहुमुखी खिलाड़ी हैं जिन्होंने कई विश्व कप अभियानों का अनुभव लिया है। पाकिस्तान दौरे के बाद उनका ग्रुप के साथ बने रहना समझदारी भरा फैसला था।”
पीठ की चोट से उबर रहे पैट कमिंंस को ऑस्ट्रेलिया टी-20 विश्व कप से पहले ही खो चुका है। उन्होंने चोट से उबरने के लिए अभी और समय चाहिए था जिसके कारण वह इंग्लैंड के खिलाफ पांच में से चार टेस्ट मैच नहीं खेल पाए थे। बेन ड्वारश्विस को अंतिम 15 सदस्यीय स्क्वॉड में शामिल किया गया था। मैथ्यू शॉर्ट को भी शुरुआती स्क्वॉड से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह मैट रेनशॉ ने ली।
टी-20 विश्व कप 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम इस प्रकार है:- मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनली, टिम डेविड, बेन ड्वारश्विस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जॉश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जॉश इंग्लिस, मैट कुनमन, ग्लेन मैक्सवेल, मैट रेनशॉ, मार्कस स्टॉयनिस, एडम जम्पा और शॉन एबट (ट्रैवलिंग रिजर्व)
