सतना : खेत में पानी लगाने की बात कहकर घर से निकले किसान का शव दो दिन बाद कुएं में मिलने से उचेहरा क्षेत्र में सनसनी फैल गई. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवीनगर गांव में गुरुवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब खेत में मौजूद कुएं में एक किसान का शव नजर आया. घटना की जानकारी मिलते ही वहां पर खासी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए.
वहीं सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची उचेहरा थाने की पुलिस द्वारा शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया. मृतक की पहचान अशीष कोल पिता चंद्रशेखर उम्र 19 वर्ष के तौर पर हुई. पुलिस द्वारा शुरु की गई पूछताछ में परिजनों ने बताया कि अशीष ठेके पर खेत लेकर उसमें खेती का काम करता था और वह दिव्यांग था. सोमवार की शाम को वह खेत में पानी लगोन की बात कहकर घर से निकला था. लेकिन देर रात होने के बावजूद भी अशीष घर लौटकर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरु की. काफी तलाश करने के बावजूद भी जब आशीष के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने उचेहरा थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर आाशीष की तलाश की जा रही थी कि गुरुवार की सुबह उसका शव कुएं में पाया गया.
पुलिस की जांच जारी
उचेहरा थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. विस्तृत पीएम रिपोर्ट मिलने पर ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला दुर्घटना का है अथवा आत्महत्या का. या फिर इसके पीछे किसी की साजिश छिपी हुई है. पुलिस द्वारा सभी पहलुओं को ध्सान में रखते हुए जांच की जा रही है.
फंदे पर लटकी मिली किशोरी
उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अकहा गांव में गुरुवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब 17 वर्षीय किशोरी का शव घर में फंदे पर लटका गया गया. पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का मालुम दे रहा है. लेकिन इसकी पुष्टि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही हो सकेगी. पुलिस द्वारा परिजन सहित आस पास के लोगों से पूछताछ करते हुए घटना के पीछे की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है
