सतना: नागौद थाना क्षेत्र की पोड़ी चौकी में तैनात 112 वाहन एक बार फिर खराब हो गया है। स्थिति यह है कि वाहन सामान्य तरीके से स्टार्ट नहीं हो रहा और पुलिसकर्मियों को धक्का देकर वाहन स्टार्ट करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि इसके पहले भी 112 वाहन खराब हो चुका है, जिसके बाद उसकी मरम्मत कराई गई थी। अब एक बार फिर वही स्थिति सामने आने से वाहन की मरम्मत और रखरखाव की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। 112 वाहन आपातकालीन पुलिस सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
किसी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को तत्काल मौके पर पहुंचना होता है। ऐसे में यदि आपातकालीन वाहन ही स्टार्ट होने के लिए धक्के का मोहताज हो, तो गंभीर परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई प्रभावित हो सकती है। वाहन की बार-बार खराबी को देखते हुए अस्थायी मरम्मत के बजाय तकनीकी रूप से इसकी पूरी जांच कराकर स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि आपात स्थिति में पुलिस को वाहन स्टार्ट करने के लिए धक्का न लगाना पड़े।
