बागली: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर लोहारदा के वार्ड क्रमांक-3 में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अनुपयोगी सेप्टिक टैंक के गड्ढे में बालिका का भ्रूण मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।सूचना पर कांटाफोड़ थाना प्रभारी कैलाश चौहान पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गड्ढे से भ्रूण को बाहर निकलवाकर पंचनामा तैयार किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया भ्रूण करीब 8 से 9 माह का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने भ्रूण को सेप्टिक टैंक के गड्ढे में फेंका है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ ही घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान के प्रयास कर रही है।
भ्रूण का कांटाफोड़ अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।घटना ने मानवता को झकझोर दिया है। रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व के दिन सामने आई इस घटना से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
