इंदौर: शहर के हर कोने से पानी नहीं मिलने की आवाज सुनाई दे रही है. अब जनता पानी नहीं मिलने को लेकर सड़कों पर उतर आई है, बल्कि धूप में चक्काजाम कर प्रदर्शन करने पर मजबूर हो गई है. उधर, भाजपा के विधायक ने भी कहा कि स्थिति विस्फोटक हो चुकी है और शहर संभाले नहीं संभालेगा.शहर में पानी का संकट बहुत ज्यादा बढ़ गया है. जनता को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा है. इसको लेकर आज गौरीनगर और खातीपुरा रहवासियों ने पार्षद राजू भदौरिया और यशस्वी पटेल के साथ सड़क पद चक्काजाम किया. इस दौरान रहवासी कढ़ी धूप में सड़कों पर बैठ गए और पानी देने की मांग करने लगे.
करीब दो घंटे से ज्यादा रहवासियों ने पानी को लेकर प्रदर्शन किया. रहवासियों के साथ प्रदशन में पार्षद यशस्वी पटेल और राजू भदौरिया ने नगर निगम जल वितरण व्यवस्था के तहत टंकियां पूरी नहीं भरने, टैंकरों की कमी और नई टंकियों को पूरी क्षमता भरने के बजाय आधी या 3 मीटर तक ही भरने का आरोप लगाया. वहीं रहवासियों ने कहा कि पानी नहीं मिल रहा है और टैंकरों से पानी की पूर्ति नहीं हो रही है. बोरिंग सूख गए है और नर्मदा लाइन से पानी बहुत कम दबाव से दिया जा रहा है, जिससे सभी को पानी नहीं मिल रहा है.
पानी की स्थिति बहुत भयावहः महेंद्र हार्डिया
शहर की 5 नंबर विधानसभा के बीजेपी विधायक महेंद्र हार्डिया ने भी नगर निगम के खिलाफ पानी को लेकर मोर्चा खोल दिया है. हार्डिया ने कहा कि मेरे क्षेत्र में सबसे ज्यादा पानी की परेशानी है. अधिकारियों के साथ पहली बैठक में ही बता दिया था कि पानी वितरण व्यवस्था ठीक कर लें, लेकिन समाधान नहीं किया गया. टंकियां पूरी नहीं भरा रही है और लोगों को पानी नहीं मिल रहा है. मैं नगर निगम की जल वितरण व्यवस्था का घोर विरोध करता हूं. साथ ही चौथे चरण में मेरी विधानसभा में 38 नई टंकियों में से भी एक टंकी नहीं दी गई. क्षेत्र में असमान पानी वितरण से स्थिति हद से पार हो चुकी है. निगम ने तत्काल व्यवस्था नहीं सुधारी तो स्थिति विस्फोटक होगी. इसका जिम्मेदार नगर निगम होगा
