
नीमच। जिले के सगराना क्षेत्र में निर्माणाधीन गोल्डक्रेश फैक्ट्री में सोमवार को एक हादसा हुआ। बिहार के सीवान जिले के बडूवा निवासी 45 वर्षीय मजदूर जयराम गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वे पिछले तीन महीनों से यहां मजदूरी कर रहे थे।
मृतक के साथी सुमित कुमार ने बताया कि जयराम हाइड्रा मशीन में डीजल डाल रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वे जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल (ज्ञानोदय) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल, शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
जयराम अपने परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से पत्नी और दो बेटियां (16 वर्ष और 5 वर्ष) बेसहारा हो गई हैं। परिवार के सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
घटना के बाद मृतक के साथियों और परिचितों ने आरोप लगाया कि उन पर जल्द से जल्द पोस्टमार्टम कराकर शव ले जाने का दबाव बनाया जा रहा था। वहीं, फैक्ट्री के एचआर अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने इन आरोपों का खंडन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना की जानकारी मिलते ही जयराम को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और कंपनी नियमों के अनुसार पीडि़त परिवार को पूरी सहायता प्रदान करेगी।
