
जबलपुर । वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर 24 जून को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर मंगलवार को कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बरगी बांध रोड स्थित ग्राम नर्रई में रानी दुर्गावती समाधि स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने समाधि स्थल एवं प्रतिमा स्थल के आसपास साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिसर में स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर एवं एसपी ने समाधि स्थल पर आयोजित होने वाले मंचीय कार्यक्रम की तैयारियों का भी जायजा लिया। इस दौरान मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था तथा संभावित वर्षा को ध्यान में रखते हुए आगंतुकों एवं आमजन की सुविधा के लिए पर्याप्त एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
संबंधित अधिकारियों को दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, एडीएम आरआर राय, एसडीएम अभिषेक सिंह, संयुक्त कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्यविभाग पुष्पेंद्र अहाके, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री अंजना तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।
हेलीपैड का भी किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रवास को दृष्टिगत रखते हुए समाधि रोड स्थित बने हेलीपैड का भी कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने निरीक्षण किया तथा आवश्यक निर्देश दिए।
केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके का भी होगा आगमन-
केंद्र शासन के जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके का बुधवार को सुबह 8.25 बजे वायुयान द्वारा नई दिल्ली से जबलपुर आगमन होगा। श्री उइके यहां सर्किट हाउस में रुकेंगे तथा सुबह 10 बजे कार द्वारा दमोह जिले के सिंग्रामपुर प्रस्थान करेंगे। सिंग्रामपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री उइके शाम 5.30 बजे वापस सर्किट हाउस जबलपुर आयेंगे तथा शाम 7 बजे डुमना एयरपोर्ट से वायुयान द्वारा नई दिल्ली प्रस्थान करेंगे।
