ग्वालियर:दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को फूलबाग चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला सचिव तोहिद अहमद के नेतृत्व में सैकड़ों युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान युवा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया, तो युवा कांग्रेस उग्र आंदोलन करते हुए सड़कों पर उतरेगी।
”लाठियों से नहीं दबाई जा सकती छात्रों की आवाज़”
युवा कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो सरकार छात्रों के बुनियादी सवालों के जवाब देने में असमर्थ है, वह अब दमनकारी नीतियों और लाठीचार्ज के सहारे उनकी आवाज़ दबाने का प्रयास कर रही है। नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि दमन के हर एक कदम का जवाब एक मजबूत लोकतांत्रिक आंदोलन से दिया जाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि वे देश के छात्रों के सम्मान, अधिकारों और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी लड़ाई पूरी ताकत के साथ जारी रखेंगे।
ये प्रमुख लोग रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मुनेंद्र भदोरिया, मंडल अध्यक्ष मोनू जैन, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव पंकज राजपूत, विधानसभा अध्यक्ष विजय दिवाकर, जिला महासचिव विवेक पाण्डेय, ब्लॉक अध्यक्ष चिराग गर्ग, दीपक बघेल, फरमान खान, ओम गोड़िया और राजेंद्र बाथम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
