
रीवा। भारतीय किसान यूनियन टिकैत संघ के किसान अपनी विभिन्न मांगो को लेकर कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन कर भोपाल रवाना होने वाले थे. जिन्हे पुलिस ने हिरासत में ले लिया.
सेमरिया विधानसभा क्षेत्र के बीड़ा सेमरिया धान खरीदी केन्द्र में धान बेचने के बाद भी 63 किसानो को धान का भुगतान नही हुआ. जिसको लेकर कई बार धरना प्रदर्शन के साथ शिकायत की गई, उसके बाद भी कुछ नही हुआ. पीडि़त किसान भुगतान सहित विभिन्न मांगो को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने भोपाल जाने की तैयारी में थे. मंगलवार की दोपहर कलेक्ट्रेट के सामने विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे जहा पुलिस ने हिरासत में ले लिया. दरअसल भारतीय किसान यूनियन टिकैत के प्रदेश प्रवक्ता विश्वनाथ पटेल के नेतृत्व में किसानो का दल भोपाल रवाना होने वाला था. सभी कलेक्ट्रेट के सामने एकत्र होकर प्रदर्शन कर रहे थे. तभी पुलिस पहुंची और सभी को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने में बैठाया गया. किसानो का जत्था रेवांचल एक्सप्रेस से रात 8 बजे भोपाल रवाना होने वाला था और बुधवार को भोपाल में नीलम पार्क से मुख्यमंत्री के निवास तक पद यात्रा कर मिलने की तैयारी थी. किसानो को हिरासत में लिये जाने को लेकर भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष किसान सुब्रत ने इसे निंदनीय बताया है और कहा कि बिना शर्त सभी को तत्काल छोड़ा जाय. पीडि़त किसानों का भुगतान कराया जाय.
