शाहिद कपूर ने की ‘फ़र्ज़ी 2’ पर काम शुरू होने की पुष्टि की

नयी दिल्ली, 11 फरवरी (वार्ता) फिल्म अभिनेता शाहिद कपूर ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि ‘फ़र्ज़ी’ के दूसरे भाग पर काम शुरू हो गया है। अभिनेता ने सोशल मीडिया के ज़रिये यह उत्साहजनक समाचार साझा किया है जिससे प्रशंसक बेहद प्रसन्न हैं। शाहिद ने अपनी ‘इंस्टाग्राम स्टोरी’ पर राज निदिमोरु और कृष्णा डीके की प्रसिद्ध फिल्म निर्माता जोड़ी, राज और डीके, के साथ एक तस्वीर साझा की जिन्होंने इस श्रृंखला का निर्माण और निर्देशन किया है। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, “जालसाज़ फिर से काम पर लौट आए हैं,” जिससे यह स्पष्ट हो गया कि नए भाग पर काम शुरू हो चुका है।
राज और डीके ने भी अपने इंस्टाग्राम खाते पर श्रृंखला की वापसी का संकेत दिया। नोटों की गड्डियों की एक तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने लिखा, “दूसरा दौर प्रगति पर है,” जो इस सफल श्रृंखला की वापसी का इशारा है।

शाहिद ने इससे पहले दूसरे भाग की समय-सीमा के बारे में बात करते हुए कहा था कि इस तरह के बड़े स्तर के निर्माण में समय लगता है। उन्होंने बताया था कि फिल्मांकन पूरा होने के बाद पोस्ट-प्रोडक्शन कार्यों में लगभग एक वर्ष का समय लगता है, जिसमें 200 देशों में प्रसारित करने से पहले श्रृंखला को 35-40 भाषाओं में डब करना शामिल है। उनके अनुसार प्रशंसकों को दूसरे भाग को देखने के लिये कम से कम डेढ़ से दो साल का इंतज़ार करना पड़ सकता है। ‘फ़र्ज़ी’ में शाहिद कपूर, विजय सेतुपति, राशि खन्ना, केके मेनन, भुवन अरोड़ा, रेजिना कैसेंड्रा और अमोल पालेकर जैसे मंझे हुए कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में है। यह श्रृंखला सनी (शाहिद का किरदार) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक छोटे स्तर का जालसाज़ है। वह एक घोटाले की कोशिश में जाली नोटों की दुनिया में गहराई से उतरता चला जाता है। उसके रास्ते में एक दृढ़निश्चयी और लीक से हटकर चलने वाला पुलिस अधिकारी (विजय सेतुपति ) खड़ा है, जो देश के लिए सनी के खतरे को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

अनिल कपूर की एक्शन-ड्रामा 'सूबेदार' का प्राइम वीडियो पर प्रदर्शन, टीजर रिलीज

Wed Feb 11 , 2026
लॉस एंजेल्स, 11 फरवरी (वार्ता) प्राइम वीडियो ने अनिल कपूर (स्लमडॉग मिलियनेयर) और राधिका मदान (द मैन हू फील्स नो पेन) अभिनीत एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘सूबेदार’ के वैश्विक प्रीमियर की घोषणा की है। साथ ही इस फिल्म का टीजर भी जारी किया है। ‘तुम्हारी सुलु’, ‘जलसा’ और ‘दलदल’ के लिए मशहूर […]

You May Like