नयी दिल्ली, 14 अगस्त (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा है कि आज जरूरी है कि देश का हर युवा हमारे संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं।
श्री बिरला ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर एक संदेश में कहा, ” हमारे नौजवान अपने सपने को भारत के विकास से जोड़े और अपने कर्तव्य को राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाये। इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सब संकल्प लें कि मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभायेंगे। ”
उन्होंने कहा कि देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, स्टार्टअप, खेल और हर क्षेत्र में नौजवान देश को आगे बढ़ा रहे हैं। हाल ही में राष्ट्रमंडल खेलों में युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया। ”
उन्होंने कहा , “आज का दिन उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने स्वतंत्र भारत के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। देश को आजाद हुए करीब आठ दशक होने को है।”
उन्होंने कहा, ” आज हमारे सामने एक नया संकल्प है। भारत को एक ऐसा राष्ट्र बनाने का संकल्प, जो अपने युवाओं की क्षमता के बल पर हर क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करें। जय हिंद! जय भारत। ”
