
छतरपुर। छतरपुर जिले की सिविल लाइन थाना पुलिस ने पेट्रोल पंप दिलाने और नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अतुल पांडेय के रूप में हुई है, जिस पर फिलहाल 58 लाख रुपये की ठगी का आरोप दर्ज किया गया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी द्वारा की गई ठगी की रकम करीब 2 करोड़ रुपये तक हो सकती है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को पेट्रोल पंप की डीलरशिप दिलाने और अच्छी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाता था। इसके बदले वह अलग-अलग किस्तों में उनसे बड़ी रकम वसूल लेता था। जब पीड़ितों को न तो नौकरी मिली और न ही पेट्रोल पंप, तब उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य पीड़ितों की तलाश में जुटी हुई है।
इस मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच में ठगी के नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ठगी की राशि और बढ़ सकती है।
